जमशेदपुर के पूर्वी सिंहभूम जिले के बिरसानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जोन नंबर 4 स्थित संडे मार्केट में छेड़खानी का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार मुर्शिदाबाद से आए कारीगरों के ठेकेदार सीताबुल पर एक नाबालिग लड़की को गलत नियत से छूने और उसके साथ आपत्तिजनक हरकत करने का आरोप लगा है। घटना का विरोध करने पर जब आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी तो आरोपी मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह कोई एक दिन की घटना नहीं है, बल्कि बाजार क्षेत्र में रह रहे कुछ बाहरी कारीगरों द्वारा महिलाओं के साथ आए दिन दुर्व्यवहार की शिकायतें मिलती रही हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार विरोध के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई थी।मामले की सूचना मिलने पर बिरसानगर भाजपा मंडल अध्यक्ष बापोन बनर्जी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। बिरसानगर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके से चार लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि मुख्य आरोपी सीताबुल अब भी फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

