अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय कोर्डिनेटर दीनबंधु बोयपाई ने चाईबासा के सदर थाना में आवेदन देकर हिमंता बिस्वा सरमा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि असम के मुख्यमंत्री द्वारा मुस्लिम समुदाय के विरुद्ध कथित रूप से आपत्तिजनक, भड़काऊ एवं साम्प्रदायिक बयान दिया गया, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। अपने आवेदन में दीनबंधु बोयपाई ने उल्लेख किया है कि 31 जनवरी को आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने कथित रूप से मुस्लिम समुदाय को लक्षित करते हुए बयान दिए, जो बाद में सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुए। उनका कहना है कि इस प्रकार के बयान देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सार्वजनिक पद पर आसीन व्यक्ति द्वारा दिए गए ऐसे कथित बयान विभिन्न धार्मिक समुदायों के बीच वैमनस्य और द्वेष को बढ़ावा दे सकते हैं तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं। बोयपाई के अनुसार, इन बयानों से मुस्लिम समुदाय में भय और मानसिक पीड़ा का माहौल बना है। राष्ट्रीय कोर्डिनेटर ने पुलिस प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।

