एमजीएम थाना पुलिस ने सोनिया हत्याकांड का किया खुलासा, पति जयराम मुर्मू गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। एमजीएम थाना क्षेत्र के धरमबांधा नाले में युवती की लाश मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मृतका की पहचान उलीडीह शंकोसाई रोड नंबर 5 निवासी सोनिया उर्फ चिंगड़ी सरदार के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके पति जयराम मुर्मू (निवासी खिखड़ीगुट्टू, बालीगुमा) को गिरफ्तार कर लिया है।

थाना प्रभारी सचिन कुमार दास के अनुसार, जयराम और सोनिया के बीच 12 वर्षों से संबंध थे और दोनों ने शादी भी की थी। लेकिन हाल के दिनों में शक के चलते आपसी तनाव बढ़ गया था। 13 जुलाई की रात जयराम ने सुनियोजित तरीके से सोनिया को एक सुनसान मकान में ले जाकर ब्लेड व धारदार हथियार (दावली) से गला रेतकर हत्या कर दी। फिर शव को बोरे में भरकर साइकिल से नाले में फेंक दिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार, रस्सी, साइकिल, मोबाइल और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। मृतका की बहन के बयान पर बीएनएस की धारा 103(1), 238 के तहत मामला दर्ज किया गया था। एसएसपी पीयूष पांडेय के निर्देश पर गठित टीम की त्वरित कार्रवाई में आरोपी की गिरफ्तारी और पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ है।


