मां केरा मंदिर चोरी कांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बारीडीह चौक स्थित मां केरा मंदिर में 6 जुलाई को हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। इस संबंध में सिदगोड़ा थाना में कांड संख्या 87/2025, धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर पूर्व में चोरी के मामलों में शामिल संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। इसी क्रम में राजा महतो उर्फ घोंधु (उम्र 19) से सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी की बात स्वीकारते हुए अपने तीन अन्य साथियों — नीरज महाजन (उम्र 19), निखिल सिंह सरदार उर्फ क्रिस (उम्र 19) और संजय डे (उम्र 45) — के नाम बताए।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए तांबे एवं पीतल के बर्तन, एक जोड़ा पायल और अन्य सामग्रियां बरामद कीं। चोरी का सामान खरीदने वाले एक दुकानदार को भी गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस द्वारा इस कार्रवाई को मंदिर समिति और स्थानीय लोगों ने सराहा है।

