जामताड़ा में बीएलए नियुक्ति को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले में मतदाता सूची की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को नवनिर्मित ईवीएम वेयरहाउस स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग और मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग, झारखंड के निर्देशानुसार मतदाता सूची की तैयारी और संशोधन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए राजनीतिक दलों को बीएलए नियुक्त करने की सुविधा दी गई है। इस दौरान सभी राजनीतिक दलों से अपने-अपने क्षेत्रों में बीएलए की नियुक्ति करने का आग्रह किया गया, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण और अद्यतन कार्य में सहयोग मिल सके।
जानकारी दी गई कि अब तक इंडियन नेशनल कांग्रेस ने जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के 145 मतदान केंद्रों के लिए 9 बीएलए नियुक्त किए हैं। बीएलए नियुक्ति के लिए निर्धारित प्रपत्र में संबंधित मतदान केंद्र के अनुसार एजेंट का मोबाइल नंबर और फोटो देना अनिवार्य है। बीएलए की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छ, शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में सहायता मिलेगी।
बैठक में यह भी बताया गया कि बीएलए एक दिन में बीएलओ को अधिकतम 10 आवेदन ही जमा कर सकते हैं। साथ ही, किसी बीएलए द्वारा 30 से अधिक आवेदन दिए जाने पर उनका सत्यापन किया जाएगा। बीएलए का उसी मतदान केंद्र का मतदाता होना जरूरी है तथा वह कोई जनप्रतिनिधि या सरकारी कर्मचारी नहीं होना चाहिए।
बैठक में अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सत्यप्रकाश, अग्निशामक पदाधिकारी सुधीर कुमार सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

