आमलादही पंचायत में पेयजल समस्या निवारण पखवाड़ा के तहत बैठक एवं जांच अभियान
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: कुंडहित प्रखंड के आमलादही पंचायत में 16 अप्रैल 2026 को पेयजल समस्या निवारण पखवाड़ा के तहत बीडीओ मोहम्मद जमाले राजा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई तथा क्षेत्र में चापाकलों और पानी टंकियों की जांच की गई। इस दौरान अधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।
बैठक में पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने, खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत और जलस्रोतों की नियमित निगरानी पर विशेष जोर दिया गया। टीम द्वारा पंचायत के विभिन्न वार्डों में जाकर चापाकलों की स्थिति का निरीक्षण किया गया तथा पानी टंकियों की साफ-सफाई और कार्यक्षमता की भी जांच की गई।
अधिकारियों ने निर्देश दिया कि जहां भी चापाकल खराब हैं, वहां शीघ्र मरम्मत कराई जाए ताकि ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े। साथ ही, गर्मी के मौसम को देखते हुए जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर बल दिया गया।
ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं साझा करते हुए नियमित जलापूर्ति की मांग की। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि पेयजल से जुड़ी सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

