मतदान निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न हो:जिला पदाधिकारी
बेगूसराय/ राष्ट्र संवाद ब्यूरो
बिहार विधान परिषद् के दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सफल संचालन को लेकर बेगूसराय जिले में मतदान कार्य में प्रतिनियुक्त मतदान कर्मियों एवं पदाधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण गुरुवार को संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण में मतदान कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने हेतु सहायक निर्वाची पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, बेगूसराय रिची पांडेय एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी सौरव कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिला पदाधिकारी ने सभी मतदान कर्मियों को निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने तथा मतदान प्रक्रिया को पूरी गंभीरता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने का निर्देश दिया।
प्रथम प्रशिक्षण सत्र में कुल 327 मतदान कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया। इनमें 59 पीठासीन पदाधिकारी (P0), 68 प्रथम मतदान पदाधिकारी (P1), 100 द्वितीय मतदान पदाधिकारी (P2) तथा 100 तृतीय मतदान पदाधिकारी (P3) शामिल रहे। प्रशिक्षण के दौरान मतदान कर्मियों को उनके दायित्व एवं कर्तव्यों, विभिन्न प्रपत्रों के संधारण, मतपेटिका एवं निर्वाचन सामग्री के प्रबंधन तथा निर्वाचन से संबंधित तकनीकी एवं विधिक प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
निर्वाचन प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए द्वितीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 अक्टूबर 2026 को प्रेक्षागृह-सह-आर्ट गैलरी, कंकौल में आयोजित किया जाएगा। वहीं तृतीय प्रशिक्षण 22 अक्टूबर 2026 को मतदान कर्मियों के योगदान स्थल पर दिया जाएगा।

