शॉर्ट सर्किट से घर में भीषण आग, लाखों की संपत्ति राख; पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत बालीगुमा के तुरियाबेड़ा स्थित गाजाडीह निवासी उमेश प्रसाद के घर में रविवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे परिवार की खुशियां पल भर में राख हो गईं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसने देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
बताया जाता है कि पिछले महीने ही घर में शादी हुई थी। अगलगी की इस घटना में शादी में मिला सारा सामान, कपड़े, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सहित अन्य कीमती वस्तुएं जलकर खाक हो गईं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि परिवार के सदस्य चाहकर भी घर से कुछ सामान नहीं निकाल सके।
घटना के समय घर के पुरुष सदस्य काम पर गए हुए थे, जबकि महिलाएं और बच्चे घर में मौजूद थे। अचानक धुआं उठता देख घर में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन परिवार को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि वे दोबारा अपने जीवन को पटरी पर ला सकें।

