मणिपुर: उग्रवादियों ने 2 लोगों को किया अगवा, गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी की मौत, चार अन्य घायल
इंफाल. मणिपुर बीते कई दिनों से हिंसा की आग में जल रहा है. उग्रवादियों के हमले की खबर अभी तक आ रही है. गुरुवार को बिष्णुपुर जिले में तेरा खोंगफंगबी के पास संदिग्ध आतंकवादियों ने गोलीबारी की. यह इंफाल से करीब 50 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है. इस हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई है और चार अन्य घायल हो गए. अधिकारियों ने जानकारी दी कि घायल पुलिसकर्मियों में से एक की हालत गंभीर है. उन्होंने यह भी बताया कि उग्रवादियों ने 2 मेइती समुदाय के लोगों का अपहरण भी किया है.
PTI की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना टोरबंग से कुछ किमी दूर हुई, यहीं हाल ही में सबसे पहले हिंसा भड़की थी. अधिकारियों ने कहा कि पुलिस ने क्षेत्र से आतंकवादियों को खदेड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया है और जिनका अपहरण हुआ है उन्हें भी ढूंढा जा रहा है. जिनका अपहरण हुआ है वे अनाज लेने के लिए निकले थे तभी उग्रवादियों ने उन्हें निशाना बनाया. दीमापुर से इंफाल जा रहे 100 ट्रकों को उत्तरी कांगपोकपी जिले में विभिन्न स्थानों पर भीड़ ने रोक दिया. लोग अभी भी हिंसक हैं, हालांकि सेना माहौल को शांत करने में लगी है.
मेइती समुदाय की अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने की मांग के विरोध में 3 मई को पहाड़ी जिलों में ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ आयोजित किए जाने के बाद पूर्वोत्तर राज्य में हिंसक झड़पें हुईं. अधिकारियों ने कहा कि उन सभी 11 जिलों में कर्फ्यू में और ढील दी गई है, जहां कर्फ्यू पहले पांच घंटे की अवधि से छह घंटे तक लगाया गया था. इन जिलों में कर्फ्यू का समय अलग-अलग है.

