आम बागान सामूहिक दुष्कर्म कांड का उद्भेदन, सात आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पाकुड़: मालीपाड़ा स्थित आम बगान में 35 वर्षीय महिला से हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले का पुलिस ने त्वरित उद्भेदन कर लिया है। पाकुड़ एसपी निधि द्विवेदी ने बताया कि 25 नवंबर की शाम सूचना मिलते ही टाइगर मोबाइल टीम मौके पर पहुंची, पीड़िता को रेस्क्यू किया और एक आरोपी को वहीं से गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता के बयान पर नगर थाना में कांड संख्या 298/2025 दर्ज कर डीएसपी अजय आर्यन के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने छापेमारी कर कुल सात आरोपियों—बाबुधन हाँसदा, गेनु हाँसदा, रामभीट्ठा मरांडी, फ्रांसिस हाँसदा, काली दास सोरेन, गड़ा मांझी और बाबुजी हेम्ब्रम—को गिरफ्तार किया। सभी ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता कबूल की है। पुलिस ने पीड़िता का मोबाइल और एटीएम कार्ड भी बरामद कर लिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। एसपी द्विवेदी ने कहा कि महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

