मुकदमों से नहीं डरता, जमानत के लिए पैरवी भी नहीं करूंगा : सरयू राय
मुर्दा मैदान प्रकरण में बोले विधायक जो होगा, सामना करूंगा मानगो में सफाई, पेयजल और सड़कों की बदहाली पर निगम को घेरा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने अपने खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने पर कहा कि वह मुकदमों से डरने वाले नहीं हैं। जमानत के लिए न थाने जाएंगे और न किसी तरह की पैरवी या सिफारिश करेंगे। मुर्दा मैदान में कचरा डालने के मामले में उन्होंने कहा कि जो होगा, उसका सामना करेंगे।
सोमवार को फेसबुक लाइव में सरयू राय ने मानगो नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुर्दा मैदान से कचरा हटाने के लिए एक सप्ताह का समय देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। निगम कार्यालय के सामने कचरा पहुंचते ही अधिकारी 10 मिनट में सक्रिय हो गए। उन्होंने कहा कि निगम पहले ही तत्परता दिखाता, तो ऐसी नौबत नहीं आती।
पेयजल संकट और सड़कों की बदहाली पर नाराजगी
विधायक ने मानगो में गंभीर पेयजल संकट, खराब सफाई व्यवस्था और सड़कों पर गड्ढों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि तीन नए पंप डेढ़ साल के भीतर खराब हो गए, जिससे हजारों लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने डोबो डैम से पानी लाने का सुझाव देते हुए जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
एनएच-33 पर फ्लाईओवर निर्माण से लग रहे जाम, धूल और गड्ढों की समस्या पर उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से हस्तक्षेप की अपील की।
निगम की बैठकों और टेंडर पर उठाए सवाल
सरयू राय ने कहा कि करीब आठ माह में नगर निगम बोर्ड की केवल दो बैठकें हुई हैं। उन्होंने बजट, खर्च और लगातार जारी हो रहे टेंडरों में पारदर्शिता की मांग करते हुए अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाते रहने की बात कही।
सट्टेबाजी-ड्रग्स के खिलाफ अभियान
विधायक ने सट्टेबाजी और ड्रग्स के खिलाफ संगठन बनाकर अभियान चलाने की जानकारी दी। उन्होंने संबंधित साक्ष्य एसएसपी को सौंपने और कार्रवाई की मांग करने की बात कही। साथ ही शहर में सक्रिय आपराधिक गिरोहों पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत जताई।

