गोविंदपुर के पटेलनगर में बड़ी चोरी, ठेकाकर्मी के घर से तीन लाख के जेवरात व नकदी उड़ाए
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पटेलनगर रोड नंबर–4 में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। मकान संख्या–14 में रहने वाले लाफार्ज कंपनी के ठेकाकर्मी कृष्णा प्रसाद के घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए नकद राशि सहित करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
यह घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है, जिसकी जानकारी बुधवार तड़के करीब चार बजे मिली। बताया गया कि कृष्णा प्रसाद अपने परिवार के साथ इसी घर में रहते हैं। मंगलवार रात वह अपने भाई योगेंद्र प्रसाद और दोनों परिवारों के सदस्यों के साथ ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे।
रात के सन्नाटे का फायदा उठाते हुए चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद वे नीचे वाली मंजिल में स्थित कृष्णा प्रसाद के हिस्से में पहुंचे और सभी कमरों की तलाशी ली। चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे नकद रुपये और कीमती सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए।
चोरी का खुलासा उस समय हुआ जब कृष्णा प्रसाद की पत्नी बुधवार तड़के ऊपर से नीचे आईं। उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाया। शोर सुनते ही पूरे परिवार को घटना की जानकारी हुई।
सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। पीड़ित कृष्णा प्रसाद के बयान पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
कृष्णा प्रसाद के भाई योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि सभी लोग एक साथ सो रहे थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

