चाकुलिया में गांजा तस्करी पर ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 336 ग्राम गांजा के साथ युवक गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर/चाकुलिया : ग्रामीण पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चाकुलिया के नया बाजार क्षेत्र से गांजा तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश गागराई के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 336 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 16 हजार 800 रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नया बाजार इलाके में छोटे-छोटे पुड़िया बनाकर गांजा की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर ग्रामीण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान महेश गागराई को हिरासत में लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से पुड़िया में पैक किया गया गांजा बरामद हुआ।
बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रामीण एसपी शुभम कुमार खंडेलवाल ने बताया कि आरोपी स्थानीय स्तर पर गांजा की सप्लाई करता था। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह 30, 50 और 100 रुपये की पुड़िया बनाकर युवाओं और स्थानीय ग्राहकों को गांजा बेचता था।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि पुलिस को आशंका है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में शामिल था और इलाके में नशे का नेटवर्क फैला रहा था। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और खासकर उन क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है जहां युवाओं को निशाना बनाकर नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही है।
पुलिस अब इस बात की जांच में जुट गई है कि आरोपी गांजा कहां से लाता था और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

