पचम्बा में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़: दो नाबालिग लड़कियां मुक्त, महिला समेत तीन गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवादाता
गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़कियों से जबरन देह व्यापार कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया, जबकि एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. बिमल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि पचम्बा थाना क्षेत्र के बोड़ो इलाके में कुछ लोगों द्वारा नाबालिग लड़कियों को डरा-धमकाकर और मारपीट कर देह व्यापार के धंधे में धकेला जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
गठित एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बोड़ो स्थित एक किराये के मकान में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने वहां से दो नाबालिग लड़कियों को बरामद किया और मौके से एक महिला को हिरासत में लिया। मुक्त कराई गई पीड़ित लड़कियों ने पुलिस को बताया कि क्रांति देवी नामक महिला उनके साथ मारपीट करती थी और जबरन देह व्यापार कराने के लिए दबाव बनाती थी।
पीड़िताओं के बयान के आधार पर पचम्बा थाना में कांड संख्या 52/26 दिनांक 26 मई 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने मामले में दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बिरनी निवासी क्रांति देवी, गांडेय थाना क्षेत्र निवासी मो. तौफिक अंसारी तथा मुशरफ अंसारी शामिल हैं। वहीं, घटना में प्रयुक्त लाल रंग की एक मारुति सुजुकी ब्रेजा कार को भी जब्त किया गया है।
इस छापेमारी अभियान में पुलिस उपाधीक्षक आर.के. राणा, अंचल पुलिस निरीक्षक ज्ञान रंजन कुमार, पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार, दीपक कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश जारी है।

