राष्ट्र संवाद संवाददाता
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित सेरेंगसिया घाटी में शनिवार सुबह उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब कोल्डड्रिंक्स से लदा एक TATA 407 ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। बताया जाता है कि वाहन चाईबासा की ओर जा रहा था और घाटी के तीखे मोड़ पर चालक संतुलन खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ। दुर्घटना में चालक को मामूली चोटें आईं, लेकिन ट्रक पलटते ही उसमें लदे सैकड़ों कार्टन सड़क पर बिखर गए। मौके का फायदा उठाते हुए आसपास के ग्रामीण और राहगीर बड़ी संख्या में जुट गए और कोल्डड्रिंक्स की बोतलें व कार्टन लूटकर फरार होने लगे। जब तक पुलिस पहुंची, तब तक आधे से अधिक सामान गायब हो चुका था। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर शेष बचे माल को सुरक्षित कराया और क्षतिग्रस्त वाहन को हटाने की प्रक्रिया शुरू की। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वहीं, हादसे के कारण करीब एक घंटे तक घाटी में यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लूट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है, जबकि चालक का बयान भी दर्ज कर लिया गया है।

