चाईबासा के टेकराहातू गांव में ग्रामीणों संग नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सुनी पीएम मोदी की ‘मन की बात’
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा: झारखंड के नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने रविवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित टेकराहातू गांव में ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना। ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, भाजपा नेता जेबी तुबिद, संजय पांडे, बड़ाकुंवर गागराई समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं पार्टी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ग्रामीणों ने बाबूलाल मरांडी और अन्य भाजपा नेताओं का फूल-मालाओं एवं गुलदस्ते देकर स्वागत किया।

‘मन की बात’ सुनने के बाद बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह कार्यक्रम देशवासियों के लिए प्रेरणा और सकारात्मक ऊर्जा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री समाज के विभिन्न वर्गों की प्रेरणादायक कहानियों, नवाचारों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देश के लोगों तक पहुंचाते हैं, जिससे लोगों को कुछ नया करने और समाज के विकास में योगदान देने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि टेकराहातू जैसे सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में ग्रामीणों के साथ बैठकर ‘मन की बात’ सुनना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि जब भी ‘मन की बात’ का प्रसारण हो, वे इसे अवश्य सुनें, क्योंकि इससे जीवन में सकारात्मक सोच विकसित होती है और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की प्रेरणा मिलती है।
अपने संबोधन में बाबूलाल मरांडी ने केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर आम जनता स्वयं को सशक्त बनाए और देश के विकास में सहभागी बने।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में ‘मन की बात’ को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने पूरे कार्यक्रम को गंभीरता से सुना और प्रधानमंत्री के संदेशों पर अपनी सकारात्मक प्रतिक्रिया भी व्यक्त की।

