बागबेड़ा में श्रमिक कार्ड रजिस्ट्रेशन शिविर का आयोजन, सैकड़ों मजदूरों को मिला लाभ
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, बागबेड़ा: उत्तरी बागबेड़ा पंचायत के नया बस्ती में निःशुल्क श्रमिक (लेबर) कार्ड रजिस्ट्रेशन शिविर का सफल आयोजन किया गया। बीते एक महीने से चल रहे इस शिविर में सैकड़ों मजदूरों — जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं — ने अपना पंजीकरण कराया।

रविवार को श्रमिक कार्डों का वितरण समारोह आयोजित हुआ, जिसमें पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह, वर्तमान उपाध्यक्ष पंकज सिंहा, पूर्व जिला पार्षद किशोर यादव, मुखिया गौरी टोप्पो, उपमुखिया मुकेश सिंह और समिति सदस्य सुनील गुप्ता समेत कई जनप्रतिनिधियों ने कार्ड वितरित किए।

श्रमिक कार्ड के लाभ
प्रतिनिधियों ने बताया कि कार्डधारकों को सरकारी योजनाओं में प्राथमिकता, आर्थिक सहायता, स्वास्थ्य बीमा, और सामाजिक सुरक्षा जैसे लाभ मिलेंगे। श्रमिक कार्ड के लिए आवश्यक दस्तावेज आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति, पासपोर्ट साइज फोटो, नॉमिनी का आधार व बैंक विवरण जरूरी है।

आगे भी जारी रहेगा शिविर
जो मजदूर अभी तक शिविर में शामिल नहीं हो सके हैं, उनके लिए आगे भी पंचायत स्तर पर रजिस्ट्रेशन शिविर लगाए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र श्रमिक लाभ से वंचित न रह जाए।

