काशी के अस्सी घाट जैसी छटा बिखेरी बखरी की दुर्गा महाआरती, एसडीएम-डीएसपी ने की पूजा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
*बखरी (बेगूसराय)।* प्राचीन पुरानी दुर्गा मंदिर सिद्ध शक्तिपीठ में शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा के साथ भव्य महाआरती हुई। काशी के अस्सी घाट की तर्ज पर हुई आरती से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया।
दीपों की रोशनी, धूप-दीप की सुगंध और वैदिक मंत्रों के बीच श्रद्धालु भक्ति में लीन दिखे। दूसरे दिन के महाआरती में मुख्य यजमान के रूप में बखरी एसडीएम सन्नी कुमार सौरभ और डीएसपी कुंदन कुमार ने विधि-विधान से पूजन किया। अधिकारियों की मौजूदगी आकर्षण का केंद्र रही।
सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भीड़ लगी रही। शाम को दीपों की कतार और शंख-घंटी की गूंज ने काशी जैसी अनुभूति कराई। परिसर देर तक जय माता दी के जयकारों से गूंजता रहा।
आचार्य तरुण तिवारी ने कहा कि नवरात्र शक्ति की उपासना और आत्मशुद्धि का पर्व है। काशी की तर्ज पर आरती का उद्देश्य नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ना और आस्था को मजबूत करना है। ऐसे आयोजनों से समाज में सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना बढ़ती है।

