जुगसलाई निकाय चुनाव: साहू समाज ने रिंकू सिंह को दिया पूर्ण समर्थन, चुनावी अभियान को मिली मजबूती
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद की प्रबल दावेदार रिंकू सिंह के पक्ष में साहू समाज एकजुट हो गया है। मंगलवार को नया बस्ती स्थित साहू धर्मशाला में साहू समाज एवं न्यू एकता क्लब की बैठक में सर्वसम्मति से रिंकू सिंह को तन-मन-धन से समर्थन देने का ऐलान किया गया।
बैठक में पोटका की पूर्व विधायक मेनका सरदार और भाजपा जिला महामंत्री अनिल मोदी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने समाज के लोगों से क्रम संख्या 08 पर “ईंटें छाप” के सामने वाला बटन दबाकर रिंकू सिंह को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील की।
साहू समाज का समर्थन मिलने के बाद रिंकू सिंह ने जनसंपर्क अभियान तेज करते हुए गर्ल्स स्कूल रोड, रथ गली, बीएस लाइट गली, शिवा रेजिडेंसी, अर्जुन कॉम्प्लेक्स और मद्रासी मोहल्ला समेत कई इलाकों में घर-घर संपर्क किया। इस दौरान महिलाओं और बुजुर्गों ने उन्हें “विजयी भव” का आशीर्वाद दिया।
रिंकू सिंह ने कहा कि वे राजनीति के लिए नहीं, बल्कि जनसेवा के उद्देश्य से चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने अपने चुनाव चिह्न “ईंट” को विकास का प्रतीक बताते हुए कहा कि जिस तरह ईंट-ईंट जोड़कर मजबूत इमारत बनती है, उसी तरह जुगसलाई के विकास के लिए उनके संकल्प भी ठोस हैं।
बैठक में साहू समाज और न्यू एकता क्लब के पदाधिकारी व सैकड़ों समाजजन उपस्थित रहे। सामाजिक संगठनों के इस समर्थन से जुगसलाई निकाय चुनाव में रिंकू सिंह की स्थिति और मजबूत होती नजर आ रही है।

