गोपाल मैदान में सांस्कृतिक उत्सव का संगम: मागे महोत्सव के साथ ‘जोहार नाइट’ ने बिखेरी छटा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान रविवार को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा, जहां एक ओर राष्ट्रीय मागे महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन हुआ, वहीं शाम को “जोहार नाइट” कार्यक्रम ने उत्सव को और भी यादगार बना दिया।

जोहार ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित मागे महोत्सव में देशभर से आए आदिवासी कलाकारों, प्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों ने भाग लिया। पारंपरिक गीत, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। महोत्सव में लगभग 100 स्टॉल लगाए गए, जिनमें आदिवासी व्यंजन, परिधान, जड़ी-बूटियां, आर्ट एंड क्राफ्ट समेत कई आकर्षण शामिल रहे। मागे सूसून नृत्य प्रतियोगिता में 11 राज्यों के दलों ने हिस्सा लिया, जबकि “बिगेस्ट डांस चैलेंज” में देशभर के टॉप 15 डांसर्स ने प्रस्तुति दी। विजेताओं को लाखों रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

शाम को आयोजित “जोहार नाइट” कार्यक्रम ने पूरे आयोजन को भव्यता प्रदान की। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, विधायक सरयू राय, विधायक दशरथ गागराई सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत और सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने लोक संस्कृति की जीवंत झलक पेश की, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के आगमन ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया। मंच पर अतिथियों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और सांस्कृतिक टीम के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
यह आयोजन न केवल आदिवासी संस्कृति, परंपरा और विरासत को संरक्षित करने का प्रयास रहा, बल्कि समाज में एकता, गौरव और सांस्कृतिक समरसता का संदेश भी देता नजर आया।

