राष्ट्र संवाद संवाददाता
कपाली ओपी क्षेत्र के इस्लामनगर वार्ड संख्या-5 स्थित मजार लाइन के पास मंगलवार दोपहर रंगदारी को लेकर हुई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। घटना में ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-20 निवासी जदयू नेता अफसर नवाज गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घायल अफसर नवाज ने बताया कि वह वार्ड संख्या-5 स्थित अपनी रजिस्ट्री जमीन पर निर्माण कार्य करा रहे थे। मंगलवार दोपहर वह किसी काम से हार्डवेयर दुकान गए हुए थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि कुछ युवक निर्माण स्थल पर पहुंचकर रंगदारी की मांग कर रहे हैं और काम बंद कराने की धमकी दे रहे हैं। सूचना मिलने पर वह तत्काल मौके पर पहुंचे।
अफसर नवाज के अनुसार, वहां मौजूद युवकों ने कथित तौर पर रंगदारी देने अथवा निर्माण कार्य बंद करने को कहा। विरोध करने पर एक युवक ने हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर सुबह से ही इलाके में रेकी कर रहे थे। फायरिंग के दौरान एक गोली उनके दाहिने पैर में लगी, जबकि दूसरी गोली सिर को छूते हुए निकल गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटनास्थल से दो खोखा बरामद
घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार ने बताया कि घायल का इलाज चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही घटना में शामिल आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में इस तरह की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

