वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर, सम्मान और सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयास जरूरी : जदयू
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 21 अगस्त। वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर जनता दल यूनाइटेड, जमशेदपुर महानगर की ओर से जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के आवासीय कार्यालय में वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान एस.पी. सिंह, इंद्रजीत सिंह, ब्रह्मेश्वर पांडेय, चंद्रेश्वर शर्मा, अनिल ठाकुर, कृष्ण कुमार, त्रिलोचन सिंह, सत्येंद्र सिंह समेत कई वरिष्ठ नागरिकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों ने सामाजिक समरसता, समाज के उत्थान और नई पीढ़ी के मार्गदर्शन को लेकर अपने विचार साझा किए। जदयू नेताओं ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक अपने अनुभव, संघर्ष और ज्ञान से समाज व राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते रहे हैं। उनका सम्मान केवल एक दिवस तक सीमित न रहकर स्वास्थ्य, सुरक्षा और गरिमापूर्ण जीवन सुनिश्चित करने के निरंतर प्रयासों में बदलना चाहिए।
जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, महासचिव कुलविंदर सिंह पन्नू समेत पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। वरिष्ठ नागरिकों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज में बुजुर्गों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता बढ़ाने वाली पहल बताया।

