NEP 2020 के अंतर्गत जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी का छात्राओं के लिए स्किल-आधारित इंटर्नशिप कार्यक्रम
एड्यूस के सहयोग से 60 घंटे का बहुविषयक प्रशिक्षण, छात्राओं को मिला व्यावहारिक अनुभव
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी ने छात्राओं के कौशल और क्षमताओं के शिक्षाक्रमीय एकीकरण को लेकर एक अभिनव इंटर्नशिप कार्यक्रम शुरू किया है। इस प्रयास में विश्वविद्यालय को एड्यूस (ADDUCE) लर्निंग एंड डेवलपमेंट कंपनी का सहयोग मिला है।

60 घंटे की इस इंटर्नशिप में मनोविज्ञान, इतिहास, गणित, हिंदी, अंग्रेजी, वाणिज्य, अर्थशास्त्र, भौतिकी, भूगोल और संगीत जैसे विषय शामिल हैं। इसमें 15 घंटे का सॉफ्ट स्किल्स पर केंद्रित कॉमन मॉड्यूल और 45 घंटे की विषय विशेषज्ञता प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण में प्रो. डॉ. विषंभर पाठक (BIT, जयपुर), डॉ. चैताली घोष (IIHM, कोलकाता), व श्री मनोज के. झा जैसे विशेषज्ञ मार्गदर्शन कर रहे हैं। छात्राओं को व्यावहारिक अनुप्रयोग, इंटरडिसिप्लिनरी लर्निंग और इंडस्ट्री स्टैंडर्ड करिकुलम से जोड़ने का यह प्रयास झारखंड में अकादमिक-औद्योगिक एकीकरण का उदाहरण बन गया है।

छात्राओं ने इसे अपने करियर निर्माण में मील का पत्थर बताया है। यह पहल न केवल महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देती है, बल्कि NEP 2020 के सफल क्रियान्वयन में एक प्रभावी कदम भी है।



