9 करोड़ की लागत से बना जमशेदपुर एसएसपी कार्यालय का नया भवन, मुख्यमंत्री ने किया ऑनलाइन उद्घाटन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। शहर की पुलिस व्यवस्था को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में शनिवार को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ी। मुख्यमंत्री ने जमशेदपुर एसएसपी कार्यालय के नवनिर्मित भवन का ऑनलाइन उद्घाटन किया। करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से तैयार जी+3 मंजिला इस भवन में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आधुनिक प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
नए भवन की आधारशिला वर्ष 2023 में रखी गई थी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इसे पुलिस प्रशासन को समर्पित कर दिया गया है। नए कार्यालय में बेहतर कार्यस्थल, विभागीय समन्वय और प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन की सुविधाएं मिलेंगी।
इस भवन के शुरू होने से पुलिस अधिकारियों को कामकाज में सहूलियत मिलने के साथ आम लोगों की शिकायतों के त्वरित निष्पादन में भी मदद मिलने की उम्मीद है। लगातार बढ़ती शहरी आबादी और कानून-व्यवस्था की चुनौतियों के बीच यह नया भवन जमशेदपुर पुलिस की प्रशासनिक एवं तकनीकी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।