मकर संक्रांति व टुसू पर्व पर जमशेदपुर के बाजारों में दिखी रौनक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : शहर में मकर संक्रांति और टुसू पर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है। पर्व के मद्देनज़र बाजारों की रौनक बढ़ गई है और दुकानों में गुड़ के तिलकुट, शुगर फ्री तिलकुट, तिल के लड्डू, अनरसा सहित पारंपरिक मिठाइयों की धूम है। 14 जनवरी को जहां बिहारी समाज मकर संक्रांति मनाता है, वहीं आदिवासी समाज टुसू पर्व और पंजाबी समाज लोहड़ी उत्साह के साथ मनाता है।
पर्व के दिन लोग प्रातः नदियों में स्नान कर चूड़ा-दही ग्रहण करते हैं और दान-पुण्य करते हैं। 14 जनवरी के बाद से ही विवाह, गृह प्रवेश सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत भी की जाती है। बाजारों में खरीदारी करने आए लोगों ने बताया कि मकर संक्रांति हिंदुओं का एक महत्वपूर्ण पर्व है, जिसका साल भर इंतजार रहता है।
वहीं, गया से आए कारीगर गौरव पिछले डेढ़ महीने से जमशेदपुर में रहकर गुड़ और चीनी के तिलकुट, अनरसा व विभिन्न प्रकार के लड्डू तैयार कर रहे हैं। कारीगरों का कहना है कि इससे उन्हें अच्छा रोजगार मिल रहा है। दुकानदारों के अनुसार इस बार इलायची युक्त गुड़ के तिलकुट और शुगर फ्री तिलकुट ग्राहकों की पहली पसंद बने हुए हैं और इनकी बिक्री काफी अच्छी चल रही है।

