जमशेदपुर: छोटा गोविंदपुर में 11 वर्षीय बालक पटाखा हादसे में झुलसा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।परसुडीह थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर में बीते शाम एक 11 वर्षीय बालक पीयूष कुमार गुप्ता पटाखा हादसे में बुरी तरह झुलस गया। पीयूष रोज बड्स स्कूल में चौथी कक्षा का छात्र है।
जानकारी के अनुसार, पीयूष अपने दोस्तों के साथ जले हुए पटाखों से बारूद निकाल रहा था, तभी अचानक तेज धमाका हुआ। इस विस्फोट में उसके मुंह, हाथ और पैर झुलस गए।
घटना की आवाज सुनकर पीयूष के पिता तुरंत मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे एमजीएम अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों और परिजनों के अनुसार बालक की स्थिति फिलहाल स्थिर है।
पीयूष की मां ने बताया कि वह दोस्तों के साथ खेलते-खेलते पटाखे में आग लगा रहा था, तभी यह हादसा हुआ।

