जम्मू तवी एक्सप्रेस प्रतिदिन चलाने की मांग, जलियांवाला बाग एक्सप्रेस रद्द करने का फैसला वापस लेने की अपील
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से आयोजित बैठक में चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया शामिल हुए। बैठक में सिख समाज ने टाटानगर से संचालित ट्रेनों से जुड़ी यात्रियों की समस्याओं और मांगों को डीआरएम के समक्ष रखा।
समाज के प्रतिनिधियों ने मांग की कि टाटानगर से जम्मू तवी एक्सप्रेस फिलहाल सप्ताह में तीन दिन चलती है, इसे बढ़ाकर प्रतिदिन संचालित किया जाए। वहीं, नवंबर से फरवरी तक जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को रद्द करने के फैसले को वापस लेने की भी मांग की गई।
डीआरएम तरुण हुरिया ने बताया कि दोनों मांगों से संबंधित जानकारी लिखित रूप से रेल मंत्रालय को भेज दी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पर जल्द आगे की कार्रवाई होगी। डीआरएम के गुरुद्वारा कमेटी कार्यालय पहुंचने पर सिख समाज ने उनका स्वागत किया और यात्रियों की सुविधा को लेकर सकारात्मक निर्णय की उम्मीद जताई।

