जमशेदपुर में भाजपा-कांग्रेस टकराव के विरोध में भाजपा ने फूंका कांग्रेस और राहुल गांधी का पुतला
विधायक पूर्णिमा साहू और जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में प्रदर्शन, लाठीबाजी और पत्थरबाजी पर जताई नाराजगी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच सोमवार को हुए टकराव, लाठीबाजी और पत्थरबाजी के विरोध में जिला भाजपा ने मंगलवार को कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। साकची स्थित जुबली पार्क गोलचक्कर पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी तथा राहुल गांधी का पुतला दहन कर घटना के प्रति अपना आक्रोश जताया।

विरोध प्रदर्शन में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा समेत बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राजनीतिक विरोध के दौरान हुई हिंसा पर नाराजगी जताते हुए कहा कि लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराने के कई तरीके हैं, लेकिन लाठीबाजी और पत्थरबाजी जैसी घटनाएं उचित नहीं हैं।
भाजपा नेताओं ने कहा कि राजनीतिक मतभेदों को लोकतांत्रिक तरीके से व्यक्त किया जाना चाहिए। हिंसक टकराव से न केवल राजनीतिक माहौल प्रभावित होता है, बल्कि आम लोगों के बीच भी भय और असुरक्षा की स्थिति पैदा होती है। इसी के विरोध में भाजपा ने पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया और राजनीतिक गतिविधियों में संयम तथा लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करने की बात कही।

