केंद्र सरकार के विकास कार्यों से घबराया है इंडिया गठबंधन: बाबूलाल मरांडी
महालया और नवरात्र के दिन दिल्ली में हुए आंदोलन पर उठाए सवाल, कांग्रेस और एसआईआर को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों से विपक्ष घबराया हुआ है। उन्होंने कहा कि विपक्ष एसआईआर और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है।
मरांडी ने महालया और नवरात्र के अवसर पर दिल्ली में आयोजित आंदोलन के समय पर भी सवाल उठाए और इसे सनातन संस्कृति एवं आस्था से जोड़कर कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम से जुड़े कथित गंभीर आरोपों पर भी पार्टी से अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की।
जमशेदपुर में भाजपा महिला मोर्चा के प्रदर्शन के दौरान हुए हंगामे पर मरांडी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठी-डंडे और पत्थरों के इस्तेमाल का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को विकास के मुद्दों पर सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

