दुर्गा पूजा पर 500 जरूरतमंद परिवारों में वस्त्र और मिठाई वितरित, समाज में समरसता का संदेश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति एवं बालानंद तीर्थाश्रम की सहयोगी संस्था मिशन ह्यूमिनिटी के तत्वावधान में दुर्गा पूजा के अवसर पर वस्त्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन होटल मिष्टी इन, भालुबासा में किया गया। कार्यक्रम के दौरान लगभग 500 जरूरतमंद परिवारों की महिलाओं और बच्चों के बीच नए वस्त्र एवं मिठाई वितरित की गई, ताकि वे भी दुर्गा पूजा का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मना सकें।
इस अवसर पर केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष अचिंतम गुप्ता ने कहा कि समिति का उद्देश्य समाज के हर वर्ग के लोगों के साथ मिलकर त्योहार की खुशियां साझा करना है। उन्होंने विभिन्न पूजा समितियों से अपील की कि दुर्गा पूजा के आयोजन पर लाखों रुपये खर्च करने के साथ-साथ अपने आसपास रहने वाले जरूरतमंद एवं वंचित परिवारों की मदद के लिए भी आगे आएं।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों के बीच उपहार बांटने और उनकी खुशियों में शामिल होने से समाज में आपसी सद्भाव एवं समरसता मजबूत होती है। कार्यक्रम ने सेवा, सहयोग और मानवता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बालानंद तीर्थाश्रम के स्वामी दिनेशानंद जी, केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के उपाध्यक्ष दिवाकर सिंह, महासचिव आशुतोष सिंह, समाजसेवी प्रमोद मिश्रा, सामन्तो कुमार, विश्वदीप मंडल, सतीश मुखी, पोरेश मुखी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

