जल जीवन मिशन के अपर सचिव के.के. सोन का लखाईडीह दौरा, सर्वांगीण विकास पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जल शक्ति मंत्रालय के अपर सचिव एवं जल जीवन मिशन के अभियान निदेशक श्री के.के. सोन ने डुमरिया प्रखंड के सुदूरवर्ती लखाईडीह गाँव का दौरा कर विकास कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने गांव में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि और आधारभूत संरचनाओं से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
अपने संबोधन में श्री सोन ने कहा कि 15 वर्षों में गाँव में सकारात्मक बदलाव आया है—जहां पहले मात्र 15 बच्चे पढ़ते थे, अब 300 से अधिक छात्र शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बालिकाओं को पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि किसी भी बाधा की स्थिति में प्रशासन से सीधे संपर्क करें। साथ ही नशामुक्ति और अंधविश्वास के खिलाफ ग्रामीणों के प्रयासों की सराहना की।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत सुदूर क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रशासन निरंतर कार्य कर रहा है। शिक्षा, रोजगार, पेयजल, सड़क और नेटवर्क जैसी समस्याओं के समाधान हेतु समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं पर भी जोर दिया।
दौरे के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच पेंशन स्वीकृति पत्र, आवास योजनाओं के गृह प्रवेश और अन्य परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। अधिकारियों को लंबित योजनाओं को समयबद्ध पूरा करने, पारदर्शिता बनाए रखने और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
श्री सोन ने छात्रावास, विद्यालय और अन्य संस्थानों का निरीक्षण कर सुविधाओं में सुधार का आश्वासन दिया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।
दौरे के दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

