पतरातू कार्यशाला के लिए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को दिया गया निमंत्रण
एक मई को आयोजित होगी पत्रकारों की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची। रामगढ़ जिले के पतरातू में एक मई को आयोजित होने वाली कार्यशाला को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को गिरिडीह में भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सह झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला के लिए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को आमंत्रित किया गया।
राष्ट्रीय सचिव चंदन मिश्रा एवं बीएसपीएस संस्थापक शाहनवाज हसन ने नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात कर उन्हें औपचारिक निमंत्रण पत्र सौंपा। मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कार्यशाला में शामिल होने का आमंत्रण सहर्ष स्वीकार किया। इस अवसर पर पत्रकार हित, संगठन की मजबूती और मीडिया जगत से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई। आयोजकों ने बताया कि कार्यशाला में राज्यभर के पत्रकार भाग लेंगे।

