महामहिम राज्यपाल को सौंपा गया श्री श्याम जन्म महोत्सव का निमंत्रण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल श्री श्याम कला भवन के अध्यक्ष संजय चौधरी की अगुवाई में प्रतिनिधि मंडल ने झारखंड के राज्यपाल महामहिम संतोष गंगवार को 29वें श्री श्याम जन्म महोत्सव का निमंत्रण पत्र सौंपा।
इस दौरान संजय चौधरी ने महामहिम को संस्था की धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान श्री श्याम कला भवन ने जरूरतमंदों के बीच निशुल्क भोजन, मास्क, सैनिटाइज़र, ऑक्सीमीटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और वेपोराइज़र मशीन वितरित किए थे।
इसके साथ ही संस्था ने विलुप्तप्राय आदिम जनजातियों की बस्तियों में खाद्यान्न सामग्री, कंबल, कपड़े, स्कूल बैग, कॉपी-पेंसिल आदि जरूरतमंद बच्चों को उपलब्ध कराए।
राज्यपाल संतोष गंगवार ने संस्था द्वारा सीमित संसाधनों के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार 29 वर्षों से किए जा रहे धार्मिक और सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे कार्यक्रम में शामिल होने के निमंत्रण पर समयानुसार प्राथमिकता के आधार पर विचार करेंगे।
इस अवसर पर संस्था के उपाध्यक्ष राजीव गुप्ता, संजय शर्मा और अश्वनी शर्मा भी उपस्थित थे।

