उपचुनाव को निष्पक्ष बनाने हेतु सघन निगरानी अभियान, अब तक ₹2.93 करोड़ की अवैध सामग्री जब्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता।
विधानसभा उप निर्वाचन-2025 को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सघन निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार अंतर्राज्यीय व अंतरजिला सीमाओं पर बनाए गए चेकनाकों पर लगातार वाहनों की जांच की जा रही है।
इसी क्रम में शनिवार को 2 लाख 41 हजार रुपये मूल्य की फ्रीबीज/सामग्री जब्त की गई। यह कार्रवाई विभिन्न निगरानी दलों द्वारा संयुक्त अभियान के तहत की गई। प्रशासन ने बताया कि अब तक जिले में कई प्रवर्तन एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी मात्रा में नकदी, शराब, मादक पदार्थ और फ्रीबीज जब्त किए गए हैं।
अब तक की जब्ती का ब्यौरा इस प्रकार है —
नकद राशि: ₹42 लाख 71 हजार शराब: 12,837.55 लीटर (मूल्य ₹10 लाख 11 हजार) ड्रग्स/मादक पदार्थ: ₹5 लाख 10 हजार फ्रीबीज/अन्य सामग्री: ₹2 करोड़ 35 लाख 69 हजार कुल जब्ती: ₹2 करोड़ 93 लाख 61 हजार
इन कार्रवाइयों में फ्लाइंग स्क्वॉड टीम (FST), स्थैतिक निगरानी दल (SST), आबकारी विभाग, पुलिस विभाग और व्यय निगरानी दल की टीमें सक्रिय रूप से लगी हुई हैं।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली किसी भी अवैध गतिविधि या वस्तु वितरण की सूचना तुरंत “सी-विजिल” ऐप के माध्यम से दें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि ऐसी सूचनाओं पर त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा “चुनाव निष्पक्ष व पारदर्शी रूप से संपन्न हो, इसके लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है। किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

