कपाली में देर रात पुलिस की सघन जांच
*संदिग्ध गतिविधियों पर नजर, वाहनों की तलाशी और पूछताछ, संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई गश्त*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस ने देर रात सघन जांच अभियान चलाया। कपाली टीओपी चौक पर ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आने-जाने वाले वाहनों की जांच की और संदिग्ध परिस्थितियों में आवागमन करने वालों से पूछताछ की।
अभियान के दौरान कार और मोटरसाइकिलों को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस की विशेष नजर देर रात आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों और वाहनों पर रही। पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर समय रहते अंकुश लगाना और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना है।
ओपी प्रभारी ने बताया कि कपाली क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई है। प्रमुख चौक-चौराहों के साथ संवेदनशील स्थानों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। देर रात तक पुलिस टीमों द्वारा गश्त और जांच जारी रही।
पुलिस ने युवाओं से देर रात अनावश्यक रूप से अड्डेबाजी से बचने और अपने घरों में रहने की अपील की है। साथ ही आम लोगों से किसी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा गया है। पुलिस के अनुसार, अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

