अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष की समीक्षा बैठक में विकास योजनाओं को गति देने के निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर परिसदन सभागार में झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान एवं उपाध्यक्ष शमशेर आलम ने जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अल्पसंख्यक समुदाय के सामाजिक-आर्थिक विकास हेतु संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

छात्रावासों की मरम्मत, कियोस्क निर्माण में तेजी, कब्रिस्तान घेराबंदी, साइकिल वितरण और रोजगार सृजन योजना में अल्पसंख्यकों की भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया। शिक्षा विभाग को अल्पसंख्यक विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया, जबकि स्वास्थ्य, समाज कल्याण, सामाजिक सुरक्षा और कृषि विभागों की योजनाओं की स्थिति की गहन समीक्षा की गई।

वृद्धा, विधवा, दिव्यांग पेंशन योजनाओं में लंबित आवेदनों के निपटारे और पात्र लाभार्थियों को जोड़ने के निर्देश दिए गए। सहकारिता, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, और नगरीय विकास विभागों की योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई।

अध्यक्ष ने कहा कि सभी विभाग निर्धारित समयसीमा में योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि आमजन तक लाभ पहुंचे और शासन के प्रति विश्वास बना रहे। बैठक में उप विकास आयुक्त समेत सभी प्रमुख विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


