औचक निरीक्षण में खुली स्वास्थ्य सेवाओं की पोल, सिटी हॉस्पिटल सील करने के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए प्रशासन द्वारा सिटी हॉस्पिटल, मंगलम नेत्रालय और करमाटांड़ स्थित सिटी मेडिसिन सेंटर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सिटी हॉस्पिटल में निरीक्षण के दौरान कोई भी चिकित्सक मौजूद नहीं पाया गया और अस्पताल संचालन में कई मानकों का उल्लंघन सामने आया। अस्पताल बिना स्वीकृत नक्शे के संचालित हो रहा था तथा दवा दुकान भी बिना लाइसेंस और फार्मासिस्ट के चल रही थी। इसके अलावा मरीजों के इलाज, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं में भी भारी कमी पाई गई। इन गंभीर खामियों को देखते हुए अस्पताल को तत्काल सील करने और संचालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया।
मंगलम नेत्रालय में भी चिकित्सकों की अनुपस्थिति और रजिस्टर संधारण में लापरवाही सामने आई। जांच के दौरान मरीजों के रिकॉर्ड में भी गड़बड़ी की आशंका जताई गई, जिस पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वहीं करमाटांड़ स्थित सिटी मेडिसिन सेंटर निरीक्षण के समय बंद पाया गया। प्रशासन ने सभी मामलों में जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।

