राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया।
मरम्मतीकरण को लेकर जिला उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देशानुसार कांड्रा – चांडिल मार्ग पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। उक्त निर्देश के आलोक में जिला परिवहन पदाधिकारी ने अगले आदेश तक कांड्रा -चांडिल मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को लेकर आदेश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार कांड्रा- चांडिल मार्ग पर कांड्रा स्थित गिद्दीबेड़ा टोल से चांडिल गोल चक्कर तक सड़क के पुनर्निर्माण एवं मरम्मती कार्य के कारण सभी प्रकार के मालवाहक और भारी वाहनों का परिचालन पूर्ण रूप से अगले आदेश तक प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान छोटे और बड़े मालवाहक वाहनों के उक्त मार्ग पर परिचालन पर भी रोक लगा दी गई है। बताया गया है कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान यातायात को सुचारु रखने और किसी तरह की दुर्घटना की आशंका को कम करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है। इस दौरान कांड्रा से चांडिल जाने वाले वाहनों के लिए प्रशासन की ओर से वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किया है। आदेश के अनुसार, कांड्रा से चांडिल की ओर जाने वाले वाहन गिद्दीबेड़ा टोल से चौका होते हुए आगे जा सकेंगे। वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन द्वारा बताया गया है कि सड़क निर्माण के दौरान मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही जारी रहने से निर्माण कार्य प्रभावित होने के साथ- साथ जाम और दुर्घटना की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है। इसी के मद्देनजर निर्माण कार्य पूरा होने तक यातायात को नियंत्रित करने का निर्णय लिया गया है। वाहन चालकों से भी निर्धारित अवधि में प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहनों का परिचालन नहीं करने और वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने की अपील की गई है। उक्त
आदेश की प्रतिलिपि जिले के वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के अलावा संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, थाना प्रभारियों, अंचल अधिकारियों और अन्य संबंधित विभागों को भी प्रेषित की गई है।

