राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया।
छोटा गम्हरिया के वाणी विद्या मंदिर स्कूल के समीप स्थित मैदान में एएसपी इंटरप्राइजेज द्वारा संचालित श्रावणी मेला का स्थानीय लोगों द्वारा विरोध करते हुए तत्काल प्रभाव से इसे बंद करने की मांग की गई है। बताया गया है को संचालक द्वारा सभी नियमों को ताक पर रख कर मेले का संचालन किया जा रहा है। इस बावत प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष अनिल कुमार ठाकुर के नेतृत्व में स्थानीय लोगों द्वारा हस्ताक्षरयुक्त एक ज्ञापन सरायकेला के अनुमंडल पदाधिकारी को सौंपा गया है। उक्त ज्ञापन में बताया गया है कि उक्त मैदान के समीप ही विद्यालय स्थित है और मैदान के बीचोंबीच रास्ता बना है जिससे प्रतिदिन सैकड़ों लोग आवाजाही करते है। मेला के कारण स्कूल में बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। साथ ही, भीड़ के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न होने से ग्रामीणों को आने जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा मेले में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा हो रहा है जिससे कभी भी शांति व्यवस्था भंग होने की संभावना बनी रहती है। बताया गया है कि रात में अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों द्वारा महिलाओं के साथ छेड़छाड़ किए जाने की शिकायतें भी मिल रही है। उन्होंने अविलंब इस आवासीय क्षेत्र के बीच आयोजित इस मेला को बंद कराने का आग्रह किया गया है।

