इनर व्हील क्लब अस्मिता ने ‘‘द वर्ल्ड ऑरेंज कैंपेन’’ के तहत किया जागरूकता सत्र आयोजित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 11 दिसम्बर 2025 इनर व्हील क्लब ऑफ जमशेदपुर अस्मिता द्वारा द वर्ल्ड ऑरेंज कैंपेन के तहत टाटा वर्कर्स यूनियन हाई स्कूल, जमशेदपुर में छात्र-छात्राओं के बीच एक विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। जिसकी जानकारी देते हुए क्लब एडिटर श्रीमती अंजुला सिंह ने बताया कि हमारे इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा के बारे में जागरूक करना और उन्हें स्व-सुरक्षा एवं संवेदनशीलता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान करना था।
कार्यक्रम का नेतृत्व क्लब की अध्यक्ष श्रीमती रीपा दत्ता, सचिव श्रीमती सुनीता सेठ और श्रीमती सारिका सिंह ने किया। इन सभी ने छात्रों को समाज में महिलाओं के प्रति बढ़ती हिंसा, उसके प्रकार, उससे बचाव के उपाय और किसी भी आपात स्थिति में मदद लेने के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया।
क्लब प्रतिनिधियों ने बताया कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का मुख्य लक्ष्य बच्चों और युवाओं में सकारात्मक सोच, सहानुभूति और सामाजिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देना है, ताकि भविष्य में एक सुरक्षित और सम्मानजनक समाज का निर्माण हो सके।
इस अवसर पर छात्रों ने भी सक्रिय रूप से अपनी भागीदारी दर्ज कराई और कई महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे। कार्यक्रम का समापन छात्रों को जागरूक, सतर्क और जिम्मेदार नागरिक बनने के संदेश के साथ किया गया।

