भाजपा के शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान की पहल
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
भाजपा के पोटका, कोवाली और आसनबनी मंडलों की ओर से गुरुवार को प्रखंड मुख्यालय में ‘सेवा, समर्पण और संकल्प’ अभियान के तहत लाभार्थी शिविर लगाया गया। इसमें ग्रामीणों से आवेदन लेकर उनकी समस्याओं के समाधान की पहल की गई। कुछ मामलों का तत्काल निपटारा हुआ, जबकि अन्य समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया।
पूर्व विधायक मेनका सरदार ने कहा कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व सेवा के 25 वर्ष को सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित कर रहा है। इसी उद्देश्य से कार्यकर्ताओं को ग्रामीणों की समस्याओं के निदान और समाज कल्याण की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है।
शिविर में पूर्व विधायक मेनका सरदार, उपेंद्रनाथ सरदार, प्रभारी जितेंद्र राय, गणेश सरदार, मनोज कुमार सरदार, डॉ. अभिषेक मुंडा, राकेश सिंह, चंद्रशेखर गुप्ता, मंडल अध्यक्ष सनत सी, श्यामल महाकुड़, नील निधू दास, चंचल चक्रवर्ती, वीणा मुंडा, रबींद्र सरदार और नवजीवन कर्मकार सहित अन्य उपस्थित थे।

