पूर्वी विधानसभा में जनजातीय आस्था स्थलों के विकास को पहल, विधायक पूर्णिमा साहू ने मंत्री चमरा लिंडा को सौंपा प्रस्ताव
सरना, जाहेरस्थान व सांस्कृतिक केंद्रों के समग्र विकास की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न जनजातीय आस्था स्थलों के विकास को लेकर राज्य सरकार से पहल की है। उन्होंने झारखंड सरकार के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री चमरा लिंडा से मुलाकात कर विस्तृत प्रस्ताव सौंपते हुए शीघ्र स्वीकृति की मांग की।
विधायक ने टुइलाडूंगरी स्थित देशाउली (सरना स्थल) में कला-सांस्कृतिक भवन निर्माण, बिरसानगर जोन 6 के उरांव समाज सरना स्थल में बाउंड्रीवाल, शेड, पेयजल, हाईमास्ट लाइट व पेवर्स ब्लॉक अधिष्ठापन, तथा बागुनहातु-बारीडीह स्थित हो समाज सरना स्थल की चहारदीवारी निर्माण की आवश्यकता बताई।
इसके अलावा बिरसानगर जोन 8 के जाहेरस्थान में चबूतरा, सीढ़ी व स्टोर रूम निर्माण तथा संथाल समुदाय के जाहेरस्थान में माझी आखड़ा समतलीकरण, बाउंड्रीवॉल ऊंचाई वृद्धि, सांस्कृतिक मंच, सोलर लाइट व पौधारोपण जैसे कार्यों का प्रस्ताव रखा गया है। मुखी समाज, बिरसानगर के ग्राम देवता सरना स्थल के सौंदर्यीकरण की भी मांग की गई है।
विधायक ने कहा कि ये स्थल जनजातीय समाज की आस्था और सांस्कृतिक पहचान के केंद्र हैं, जिनके विकास से समुदाय को मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी और सांस्कृतिक अस्मिता को मजबूती मिलेगी। मंत्री से इन प्रस्तावों पर त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया गया है।

