राष्ट्र संवाद की खबर का असर: यूसिल के पूर्व सीएमडी डॉ. संतोष कुमार सतपति का तबादला मिशन सफल, एस.के. बर्मन ने नई जगह योगदान दिया
राष्ट्र संवाद मुख्य संवाददाता
जादूगोड़ा: यूसिल के पूर्व सीएमडी डॉ. संतोष कुमार सतपति का शुरू किया गया तबादला मिशन आखिरकार सफल हो गया। सोमवार को परचेज विभागाध्यक्ष एस.के. बर्मन ने दो महीने बाद झारखंड से बाहर तुम्मापल्ली यूरेनियम प्रोजेक्ट में योगदान दिया, जहां विभागीय अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
बताया जाता है कि डॉ. सतपति ने अपने कार्यकाल में अनुशासन और नीतियों को सर्वोपरि रखते हुए एक साथ 18 वरीय अधिकारियों के तबादले किए थे। यह कदम यूसीआईएल में कार्य संस्कृति सुधारने और भ्रष्टाचार, गुटबाज़ी व निष्क्रियता की प्रवृत्ति समाप्त करने की दिशा में एक बड़ा संदेश था।

सूत्रों के अनुसार, एस.के. बर्मन के तबादले को रोकने की कई कोशिशें की गईं, लेकिन प्रबंधन की पारदर्शिता और इच्छाशक्ति के आगे ये प्रयास विफल रहे। यूसीआईएल अब नई ट्रांसफर नीति बनाने की दिशा में है, जिसमें “बिना ट्रांसफर, कोई प्रमोशन नहीं” जैसे नियम लागू करने की तैयारी है।

कंपनी प्रबंधन का मानना है कि अधिकारियों को ट्रांसफर को सजा नहीं बल्कि कर्तव्य और अवसर समझना चाहिए। यह नीति चापलूसी और गुटबाज़ी की संस्कृति को खत्म कर संस्था को नई ऊर्जा देगी। जो अधिकारी बिना विरोध नई जगह योगदान दे चुके हैं, उन्हें प्रेरणास्रोत माना जा रहा है।

