राष्ट्र संवाद के खबर का असर:यूसील सीएमडी पर महिला अधिकारी के यौन शोषण मामले में एफआईआर दर्ज
राष्ट्र संवाद मुख्य संवाददाता
जादूगोड़ा। भारत सरकार के उपक्रम यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसील) के अध्यक्ष-सह-सीएमडी डॉ. संतोष कुमार सतपति पर यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगा है। यूसील की डिप्टी सुपरिंटेंडेंट नैना चौधरी ने जादूगोड़ा थाना में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने 1 दिसंबर 2024 से 31 जुलाई 2025 के बीच सीएमडी द्वारा कई बार शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

पीड़िता ने बताया कि विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई और उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए पुलिस से जान-माल की रक्षा की गुहार लगाई। भारी दबाव के बावजूद मामला दर्ज हुआ है और पुलिस ने जादूगोड़ा थाना कांड संख्या 43/2025 के तहत विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है तथा कई संगठनों ने पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की है। यूसील प्रबंधन की ओर से अभी तक आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। डॉ. संतोष कुमार सतपति ने आरोपों को आधारहीन बताया है।

राष्ट्र संवाद ने इस मामले को पहले ही प्रमुखता से 19 जुलाई को प्रकाशित किया था, जिस पर अब मुहर लग गई है। यह मामला न केवल यूसील की छवि को राष्ट्रीय स्तर पर धक्का पहुंचा रहा है, बल्कि भ्रष्टाचार के आरोपों से पहले से घिरे संगठन के लिए एक नई चुनौती खड़ी कर रहा है।


