विधानसभा में गूंजा ईचागढ़ की शिक्षा का मुद्दा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की शैक्षणिक समस्याओं को लेकर विधायक सविता महतो ने मंगलवार को विधानसभा में तारांकित प्रश्न के माध्यम से सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय, रघुनाथपुर की मान्यता व कक्षाओं की स्थिति पर जानकारी मांगी। विभाग ने बताया कि विद्यालय को स्थायी मान्यता प्राप्त है और यहां कक्षा 7 से 10 तक पढ़ाई संचालित है।
विधायक ने नीमडीह प्रखंड में प्लस टू विद्यालयों की संख्या पर भी सवाल उठाया। सरकार ने जानकारी दी कि प्रखंड में राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय रघुनाथपुर समेत कई +2 विद्यालय संचालित हैं।
उत्क्रमित उच्च विद्यालय चौड़ा में शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी सदन में उठा। सरकार ने स्वीकार किया कि स्वीकृत पद सृजित नहीं हैं। फिलहाल विद्यालय में तीन सरकारी शिक्षक, एक पारा शिक्षक व एक प्रतिनियोजित शिक्षिका कार्यरत हैं। नई शिक्षा नीति 2020 के तहत पद सृजन व विद्यालय उन्नयन की प्रक्रिया प्रारंभिक चरण में होने की बात कही गई।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र में बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था के लिए उनका प्रयास जारी रहेगा।

