जादूगोड़ा में मारवाड़ी समाज का होली मिलन समारोह, गीत-संगीत व नृत्य पर झूमे लोग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा। होली के अवसर पर 4 मार्च को जादूगोड़ा के अग्रसेन भवन में मारवाड़ी समाज द्वारा होली मिलन समारोह सह होली महोत्सव का आयोजन किया गया। इस मौके पर समाज के सदस्यों ने अग्रसेन धर्मशाला परिसर में जमकर होली खेली और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में कोलकाता से आए कलाकार भूषण एंड पार्टी ने गीत, संगीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी, जिस पर उपस्थित महिला-पुरुष झूम उठे। कोलकाता की छह सदस्यीय डांस टीम ने राजस्थानी नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं समाज के बच्चों ने भी आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम के दौरान संचालक द्वारा प्रश्न-उत्तर प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मारवाड़ी समाज के वरिष्ठ सदस्य एवं समाजसेवी राजेंद्र अग्रवाल और जयनारायण गुप्ता ने सम्मानित किया। जादूगोड़ा मारवाड़ी महिला मंच की सदस्यों ने भी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसके लिए उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुशील अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों के लिए हाई टी और डिनर की भी व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम को सफल बनाने में अनिल अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, सज्जन खेमका, किशोर कांवटिया, दीपक अग्रवाल, महावीर कांवटिया, श्यामसुंदर अग्रवाल, नंदलाल गुप्ता, प्रदीप अग्रवाल, पवन बंसल, आनंद अग्रवाल, संजय अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, गणेश अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, आनंद गुप्ता, अजय खेमका, संदीप अग्रवाल, संतोष गुप्ता सहित कई सदस्यों का योगदान रहा।

