तुलसी भवन में हिन्दी शिक्षक कार्यशाला, अनिरुद्ध त्रिपाठी ‘अशेष’ को मिला श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। राष्ट्रभाषा हिन्दी दिवस के अवसर पर सिंहभूम जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन/तुलसी भवन की ओर से मानस सभागार में एक दिवसीय ‘हिन्दी शिक्षक कार्यशाला’ एवं ‘श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान’ समारोह आयोजित किया गया। कार्यशाला में डॉ. मुदिता चंद्रा ने ‘हिन्दी साहित्य की विशेषताएँ’ तथा डॉ. प्रियंका सिंह ने ‘हिन्दी शिक्षण को रुचिपूर्ण बनाना’ विषय पर शिक्षकों को उपयोगी जानकारी दी।
इस वर्ष का श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान शिक्षा निकेतन हाई स्कूल, टेल्को के सेवानिवृत्त प्रभारी प्राचार्य, हिन्दी शिक्षक एवं वरिष्ठ साहित्यकार अनिरुद्ध त्रिपाठी ‘अशेष’ को प्रदान किया गया। उन्हें पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र, श्रीफल, स्मृति चिह्न, सम्मान पत्र एवं 11 हजार रुपये का चेक देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अरका जैन विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति डॉ. अंगद तिवारी तथा समापन सत्र के मुख्य अतिथि सोना देवी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रभाकर सिंह उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में जय प्रकाश राय, डॉ. जंग बहादुर पाण्डेय एवं डॉ. चन्देश्वर खां शामिल थे। अध्यक्षता सुभाष चन्द्र मुनका ने की।
कार्यक्रम के अंत में 42 विद्यालयों से आए 75 शिक्षक-शिक्षिकाओं को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र, उपहार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। संचालन पूनम महानंद ने किया, जबकि स्वागत डॉ. प्रसेनजित तिवारी एवं धन्यवाद ज्ञापन रामनन्दन प्रसाद ने किया।

