गिरिडीह
निमियाघाट में हाई वोल्टेज ड्रामा: भाई की साली से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गिरिडीह जिले के डुमरी प्रखंड अंतर्गत निमियाघाट क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवक अपने भाई की साली से शादी कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक काफी देर तक टावर पर बैठा रहा और शादी नहीं कराने पर खुदकुशी करने की धमकी देता रहा।
जानकारी के अनुसार युवक गोविंदपुर का रहने वाला बताया जा रहा है और वह पहले से शादीशुदा है। बताया जाता है कि युवक अपने भाई की साली से शादी करना चाहता था। इसी मांग को लेकर उसने हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया और सीधे मोबाइल टावर पर जा चढ़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने युवक को नीचे उतरने के लिए काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। मामले की सूचना मिलने के बाद निमियाघाट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया।
करीब कई घंटों तक चले इस घटनाक्रम के कारण इलाके में लोगों की भीड़ लगी रही और माहौल तनावपूर्ण बना रहा। पुलिस एवं स्थानीय लोगों की समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश जारी रही।
इस घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

