घाटशिला में कांग्रेस की उच्च स्तरीय बैठक, गठबंधन प्रत्याशी सोमेश सोरेन को जिताने का संकल्प
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और प्रभारी सिरिबेला प्रसाद ने कार्यकर्ताओं से जुटने की अपील की
राष्ट्र संवाद संवाददाता
घाटशिला। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर शनिवार को कांग्रेस पार्टी की उच्च स्तरीय बैठक सह सम्मेलन का आयोजन मारवाड़ी धर्मशाला में किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और प्रदेश सह प्रभारी सिरिबेला प्रसाद उपस्थित रहे।
बैठक में प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी, प्रखंड अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, पंचायत प्रतिनिधि, पर्यवेक्षक, वरिष्ठ नेता और BLA-2 सदस्य शामिल हुए।
अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता पार्टी की शान है। पार्टी नेतृत्व ने गठबंधन प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन (झामुमो) को समर्थन देने का निर्णय लिया है, इसलिए सभी कार्यकर्ता पूरी ताकत से उनके पक्ष में कार्य करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विरासत सेवा और त्याग की है, जिसे बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।
मुख्य अतिथि सिरिबेला प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर गठबंधन उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करना चाहिए। उन्होंने भाजपा पर देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने, महंगाई और बेरोजगारी बढ़ाने का आरोप लगाया।
बैठक में झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुवा, चमरा लिंडा, पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू सहित कई वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे। सभी ने गठबंधन प्रत्याशी को विजयी बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रदीप कुमार बलमुचू, बन्ना गुप्ता, बंधु तिर्की, अंबा प्रसाद, सोनाराम सिंकू, ज्योति सिंह मथारू सहित बड़ी संख्या में प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि घाटशिला में गठबंधन की जीत सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य करेंगे।

