राष्ट्र संवाद संवाददाता अमन ओझा
जमशेदपुर पूर्वी सिंहभूम की नवपदस्थापित जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) निशु कुमारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस दौरान युवा जदयू प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हेमंत पाठक ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए जिले की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। स्वागत कार्यक्रम में पवन सिंह (जन सुविधा प्रतिनिधि, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा) भी उपस्थित रहे।
मुलाकात के दौरान डीईओ निशु कुमारी ने अपने पदभार ग्रहण करने के समय व्यक्त किए गए संकल्प को दोहराते हुए कहा कि उनका लक्ष्य पूर्वी सिंहभूम को शिक्षा के क्षेत्र में झारखंड के शीर्ष तीन जिलों में शामिल करना है। इस लक्ष्य को लेकर हेमंत पाठक एवं अन्य प्रतिनिधियों ने उनका आभार व्यक्त किया और सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर जिला शिक्षा पदाधिकारी का ध्यान आकर्षित कराया गया। प्रतिनिधिमंडल ने बिना अनुमति संचालित इंटर कॉलेजों की जांच, स्थापना अनुमति प्राप्त इंटर कॉलेजों की आधारभूत संरचना की समीक्षा तथा उत्क्रमित कर 10+2 बनाए गए विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं और संसाधनों का व्यापक मूल्यांकन कराने की मांग उठाई।
डीईओ निशु कुमारी ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि इन मुद्दों पर चरणबद्ध तरीके से सकारात्मक पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले की शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार लाकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

